in ,

बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-कार भिड़ंत में एक ही परिवार के आठ लोगों की दर्दनाक मौत, दो बच्चे भी शामिल

बाराबंकी जिले के देवा-फतेहपुर मार्ग पर सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक और कार की जोरदार टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे और एक ही परिवार के छह सदस्य शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई।

बाराबंकी (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। देवा-फतेहपुर मार्ग पर कल्याणी नदी पुल के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और बिना नंबर की नई अर्टिगा कार में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार सभी आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, फतेहपुर कस्बे के भाजपा नेता गिरधर गोपाल की नई अर्टिगा कार लेकर कस्बे के ही मौलवीगंज निवासी प्रदीप रस्तोगी (55) अपने परिवार के साथ कानपुर के बिठूर में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात में लौटते समय जैसे ही उनकी कार कल्याणी नदी पुल के करीब पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को गैस कटर मंगवाकर कार में फंसे शवों को बाहर निकालना पड़ा। हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर सन्नाटा और चीख-पुकार दोनों एक साथ गूंजते रहे।

मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई:

  1. प्रदीप रस्तोगी (55)

  2. माधुरी रस्तोगी (52) – पत्नी

  3. नितिन रस्तोगी (35) – पुत्र

  4. कृष्णा रस्तोगी (15) – पुत्र

  5. श्रीकांत (40) – चालक

  6. महेंद्र मिश्र उर्फ बाला (45)

  7. इंद्रकुमार मिश्र (50)

  8. विष्णु नाग (15)

हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोगों ने इलाज के दौरान लखनऊ के केजीएमयू ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक इतनी तेज गति में था कि ब्रेक लगाने के बाद भी वह कई मीटर तक घिसटता चला गया। टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के गांवों के लोग घरों से बाहर निकल आए।

एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि सभी शवों की पहचान कर परिजनों को सूचना दे दी गई है। छह शवों का पोस्टमार्टम बाराबंकी में और दो शवों का पोस्टमार्टम लखनऊ में किया जा रहा है।

हादसे की खबर मिलते ही पूरे फतेहपुर कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। रस्तोगी परिवार कस्बे में सम्मानित परिवार माना जाता था। एक ही परिवार के कई सदस्यों और दो बच्चों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। देर रात तक लोग रस्तोगी परिवार के घर पर संवेदना व्यक्त करने पहुंचते रहे।

News Desk

Written by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कलम और कवि का संवाद (भाग-1): जब कलम ने पूछा कवि से — “क्यूँ हर बार विरह का गीत ही लिखते हो?”

कानपुर के अखिलेश दुबे के करीबी DSP ऋषिकांत शुक्ला सस्पेंड, 100 करोड़ की अवैध संपत्ति का खुलासा — विजिलेंस जांच शुरू