लखनऊ। राजधानी लखनऊ दीपावली और छठ पर्व पर रोशनी की दुल्हन बन गई है। नगर निगम ने इस बार शहर को सजाने के लिए 25 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया है। विधानसभा, राजभवन और मुख्यमंत्री आवास को तिरंगे के रंगों में सजा दिया गया है। वहीं, हजरतगंज और जनपथ मार्केट को हेरिटेज इलेक्ट्रिक लालटेन से सुसज्जित किया गया है, जिससे शहर का पारंपरिक सौंदर्य निखर उठा है।
विधानसभा और राजभवन की भव्य लाइटिंग
राजधानी के राजभवन, मुख्यमंत्री आवास और विधानसभा भवन को तिरंगे की रोशनी से जगमगाया गया है। विधानसभा भवन की भव्य लाइटिंग देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
राजभवन के मुख्य द्वार और आस-पास के पेड़ों पर रंग-बिरंगी झालर लाइटें लगाई गई हैं। मुख्यमंत्री आवास के आसपास भी पेड़ों को लाइटों से सजाया गया है। रात में यह इलाका मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर रहा है।
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि दीपावली के मौके पर न केवल शहर को रोशन किया गया है, बल्कि स्वच्छता अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शहर की सफाई और सौंदर्यीकरण में सहयोग करें।
1090 से लेकर सरोजिनी नगर तक जगमग चौराहे
शहर के प्रमुख 1090 चौराहा, सोमनाथ द्वार (कटाई पुल), प्रतिष्ठा चौराहा, समतामूलक चौराहा और सरोजिनी नगर वार्ड के कान्हा उपवन को एक समान पैटर्न में सजाया गया है।
चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट, अवध चौराहा और लोहिया पथ पर भी विशेष लाइटिंग की गई है।
लोग इन स्थानों पर परिवार सहित पहुंचकर रात के नजारों का आनंद ले रहे हैं।
हजरतगंज-जनपथ मार्केट का हेरिटेज लुक
नगर निगम ने हजरतगंज, जनपथ, अमीनाबाद, भूतनाथ, नाका और निशातगंज बाजारों में नई एलईडी लाइटें लगाई हैं। पुरानी और खराब लाइटों को बदला गया है ताकि खरीदारों और घूमने वालों को किसी तरह की दिक्कत न हो।
जनपथ मार्केट को विशेष रूप से इलेक्ट्रिक लालटेन से सजाकर हेरिटेज लुक दिया गया है।
5500 नई लाइटें बांटी गईं वार्डों में
दीपावली के अवसर पर नगर निगम की ओर से शहर के सभी 110 वार्डों में 5500 नई लाइटें लगाई जा रही हैं। प्रत्येक वार्ड को 50 लाइटें दी गई हैं ताकि सभी मोहल्लों में समान रोशनी रहे।
अपर नगर आयुक्त ललित कुमार ने बताया कि नगर निगम की मार्ग प्रकाश टीम लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। प्रतिदिन 1500 से 1600 लाइटों की मरम्मत कर उन्हें कार्यशील बनाया जा रहा है।
सभी पार्षदों के साथ संवाद बनाकर क्षेत्रवार प्रकाश से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
मेयर सुषमा खर्कवाल का संदेश
मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि इस दीपावली पर लखनऊ पूरी तरह रोशनी से नहाया हुआ दिखाई देगा।
“यह केवल पर्व नहीं बल्कि हमारी संस्कृति, सौंदर्य और स्वच्छता का प्रतीक है। नगर निगम ने प्रयास किया है कि हर चौराहा और बाजार पीली झालर लाइटिंग से जगमगाए।”
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस पर्व को पर्यावरण-संवेदनशील और स्वच्छ तरीके से मनाएं।
लाइटिंग देखने उमड़े लोग
लोहिया पथ, विधानसभा मार्ग, हजरतगंज, 1090 चौराहा और राजभवन मार्ग पर हर शाम लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
शहरवासी और पर्यटक इन स्थलों पर मोबाइल से तस्वीरें और वीडियो ले रहे हैं। दीपों और झालरों से सजी राजधानी का नजारा हर किसी को आकर्षित कर रहा है।


