इस्लामाबाद/कराची। भारतीय फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर पाकिस्तान में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कराची की एक अदालत में शुक्रवार को फिल्म के खिलाफ याचिका दायर की गई है, जिसमें फिल्म के कलाकारों और निर्माताओं पर FIR दर्ज करने की मांग की गई है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि फिल्म में पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) और पाकिस्तान की छवि को जानबूझकर नकारात्मक और आतंकवाद समर्थक रूप में दिखाया गया है।
यह याचिका PPP के कार्यकर्ता मोहम्मद आमिर ने कराची के डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस कोर्ट (साउथ) में दाखिल की है।
बिना अनुमति इस्तेमाल का आरोप
याचिका के मुताबिक, फिल्म के आधिकारिक ट्रेलर और कुछ दृश्यों में बेनजीर भुट्टो की तस्वीरों, PPP के झंडे और पार्टी रैलियों के फुटेज का बिना किसी कानूनी अनुमति के उपयोग किया गया है। याचिकाकर्ता का दावा है कि इससे न केवल पार्टी की छवि खराब हुई है, बल्कि पाकिस्तान को भी वैश्विक मंच पर गलत तरीके से पेश किया गया है।
PPP को आतंकवाद समर्थक दिखाने का दावा
याचिका में यह भी कहा गया है कि फिल्म में PPP को आतंकियों के प्रति सहानुभूति रखने वाली पार्टी के रूप में चित्रित किया गया है। खासतौर पर कराची के लियारी इलाके को “आतंकियों का युद्ध क्षेत्र” बताए जाने पर आपत्ति जताई गई है, जिसे याचिकाकर्ता ने मानहानिकारक और भ्रामक करार दिया है।
फिल्म में अभिनेता अक्षय खन्ना द्वारा निभाए गए किरदार रहमान डकैत को PPP का समर्थक दिखाया गया है, जिसे लेकर भी पार्टी ने कड़ा ऐतराज जताया है।
किन-किन पर FIR की मांग
याचिका में फिल्म से जुड़े कई बड़े नामों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें शामिल हैं—
-
अभिनेता: रणवीर सिंह, संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, सारा अर्जुन
-
निर्देशक: आदित्य धर
-
निर्माता: लोकेश धर, ज्योति किशोर देशपांडे
-
अन्य प्रचार और निर्माण से जुड़े लोग
याचिकाकर्ता ने पाकिस्तान दंड संहिता की धाराओं 499, 500, 502, 504, 505, 153-ए और 109 के तहत कार्रवाई की मांग की है, जो मानहानि, नफरत फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने से संबंधित हैं।
पुलिस ने FIR नहीं की, इसलिए कोर्ट का सहारा
मोहम्मद आमिर ने अदालत को बताया कि उन्होंने पहले दरख्शां थाने में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने FIR दर्ज करने से इनकार कर दिया। इसी के बाद उन्हें अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
खाड़ी देशों में भी झेल रही है मुश्किल
‘धुरंधर’ को लेकर विवाद सिर्फ पाकिस्तान तक सीमित नहीं है। बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई जैसे कई खाड़ी देशों में फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी गई है। इन देशों की सेंसर अथॉरिटीज ने फिल्म को “पाकिस्तान विरोधी” कंटेंट वाला बताते हुए मंजूरी देने से इनकार किया।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी पाबंदियां
इससे पहले 2024 में ऋतिक रोशन-दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘फाइटर’ और इसी साल अक्षय कुमार की ‘स्काई फोर्स’ व जॉन अब्राहम की ‘द डिप्लोमैट’ को भी पाकिस्तान से जुड़े कंटेंट के कारण खाड़ी देशों में बैन या विरोध का सामना करना पड़ा था।
बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई
विवादों के बावजूद ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के 8 दिनों में फिल्म ने 200 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया था।
सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म अब तक 240.11 करोड़ रुपए की कमाई कर चुकी है। फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है और यह 2001 के संसद हमले और 26/11 मुंबई आतंकी हमले से प्रेरित बताई जा रही है।
फिल्म ‘धुरंधर’ जहां भारत में व्यावसायिक सफलता के नए कीर्तिमान बना रही है, वहीं पाकिस्तान में यह राजनीतिक और कानूनी विवादों में घिर गई है। PPP से जुड़े कार्यकर्ताओं द्वारा अदालत में FIR की मांग ने इस फिल्म को अंतरराष्ट्रीय विवाद का रूप दे दिया है। आने वाले दिनों में कराची कोर्ट का रुख और इस पर पाकिस्तान सरकार की प्रतिक्रिया इस मामले की दिशा तय करेगी।


