in ,

वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के फ्लैट में भीषण आग: रात 11 बजे धुएं से मची अफरा-तफरी, शीशे तोड़कर किया गया रेस्क्यू

श्रीकृष्ण शरणम् सोसाइटी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां, आधे घंटे में पाया गया काबू

मथुरा: वृंदावन में शनिवार देर रात संत प्रेमानंद महाराज के नाम अलॉट फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। रात करीब 11 बजे फ्लैट से धुआं उठता देख सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने-अपने फ्लैट छोड़कर बाहर भागने लगे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक फ्लैट के अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।


घटना के समय फ्लैट में मौजूद नहीं थे प्रेमानंद महाराज

आग लगने के वक्त संत प्रेमानंद महाराज वृंदावन से करीब 2 किलोमीटर दूर स्थित केलिकुंज आश्रम में मौजूद थे। श्रीकृष्ण शरणम् सोसाइटी के जिस फ्लैट में आग लगी, वहां से वे पहले नियमित पदयात्रा के लिए निकलते थे। हालांकि, लगभग एक महीने पहले उन्होंने फ्लैट छोड़ दिया था और आश्रम में शिफ्ट हो गए थे। वर्तमान में फ्लैट में उनके सेवादार रह रहे थे।


शॉर्ट सर्किट से लगी आग

सीओ सदर पीपी सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


फ्लैट से उठे धुएं ने मचाई अफरा-तफरी

श्रीकृष्ण शरणम् सोसाइटी में रहने वाले लोगों के अनुसार, फ्लैट नंबर 212 से अचानक प्लास्टिक जलने जैसी तेज बदबू आने लगी। देखते ही देखते फ्लैट के अंदर से धुआं और आग की लपटें दिखाई देने लगीं। इसके बाद लोग घबराकर अपने-अपने फ्लैट से बाहर निकल आए और बिल्डिंग के नीचे भीड़ जमा हो गई।


शीशा तोड़कर निकाला गया धुआं

आग की सूचना मिलने पर प्रेमानंद महाराज के केलिकुंज आश्रम में फोन किया गया। कुछ ही देर में उनके शिष्य और सेवादार मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने फ्लैट का शीशा तोड़कर अंदर भरे धुएं को बाहर निकाला। आग बुझने के बाद बिल्डिंग के नीचे दूर तक शीशे के टुकड़े बिखरे नजर आए।


वीडियो बनाने को लेकर विवाद

स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के दौरान कुछ मीडियाकर्मी वीडियो बना रहे थे। इस पर प्रेमानंद महाराज के शिष्य नाराज हो गए और उन्होंने पार्षदों व मीडियाकर्मियों से अभद्रता की। आरोप है कि कुछ लोगों के मोबाइल फोन भी छीन लिए गए।


पुलिस ने की पूछताछ

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आसपास के फ्लैट में रहने वाले लोगों से पूछताछ की गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के फ्लैट में लगी आग ने देर रात इलाके में हड़कंप मचा दिया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा इंतजामों और बिजली व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।

News Desk

Written by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

3 करोड़ की लैंड रोवर से चलने वाले सतुआ बाबा कौन हैं? रे-बैन चश्मे वाले संत पर योगी का बयान क्यों बना सियासी संदेश

लखनऊ में AAP का बड़ा बवाल: बांग्लादेश का पुतला फूँका, पैरों तले कुचला; बोले- “वहां हिंदू मर रहे, यहाँ हसीना को बिरयानी खिला रही सरकार”