शताब्दी वर्ष : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिका परिषद कर्नलगंज स्थित श्री रामलीला मैदान में आयोजित भव्य हिन्दू सम्मेलन ने क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता के रंग में रंग दिया। इस ऐतिहासिक आयोजन में कर्नलगंज से भाजपा विधायक अजय सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया।
सम्मेलन में सुबह से ही जनसमूह उमड़ने लगा। साधु-संतों, स्वयंसेवकों, मातृशक्ति, युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों की भारी सहभागिता ने यह स्पष्ट कर दिया कि समाज आज संगठन और राष्ट्र निर्माण के विचार को लेकर सजग और सक्रिय है। पूरे परिसर में अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक गौरव का वातावरण बना रहा।
विधायक अजय सिंह बोले— संगठित समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव
सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा विधायक अजय सिंह ने कहा, हिन्दू समाज की एकता ही भारत की आत्मा है। जब समाज संगठित रहता है, तब राष्ट्र स्वयं सशक्त होता है। संघ का शताब्दी वर्ष केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने का अवसर है।”

उन्होंने कहा कि करनैलगंज की धरती सदैव राष्ट्रवादी विचारधारा की संवाहक रही है और आगे भी ऐसे आयोजनों से सामाजिक चेतना को नई दिशा मिलेगी। विधायक अजय सिंह ने युवाओं से आह्वान किया कि वे संगठन, सेवा और संस्कार को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
मुख्य वक्ता अश्वनी उपाध्याय ने दिए राष्ट्र निर्माण के सूत्र
सम्मेलन के मुख्य वक्ता श्रीमान अश्वनी उपाध्याय जी (अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली) ने अपने ओजस्वी एवं विचारोत्तेजक उद्बोधन में कहा कि समाज की एकता, समान नागरिक चेतना और संवैधानिक मूल्यों के साथ सांस्कृतिक आत्मगौरव ही राष्ट्र को आगे ले जा सकता है। उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज को जागृत, संगठित और सकारात्मक भूमिका निभाने की आवश्यकता है।
संत समाज की उपस्थिति ने बढ़ाया आयोजन का गौरव
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री श्री 1008 श्री महंत महामंडलेश्वर द्वाराचार्य डॉ. स्वामी महेशानंद गिरी जी महाराज ने की। उन्होंने अपने आशीर्वचन में समाज को धर्म, संस्कार और सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
वहीं विशिष्ट अतिथि श्रीमान गंगा सिंह जी (प्रांत संपर्क प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) ने संघ की शताब्दी यात्रा, उसके उद्देश्यों और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य केवल संगठन नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक राष्ट्रभाव को पहुंचाना है।
जनसैलाब और अनुशासन बना सम्मेलन की पहचान
सम्मेलन में भारी संख्या में लोगों की सहभागिता के बावजूद व्यवस्था पूरी तरह अनुशासित और सुव्यवस्थित रही। स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका ने आयोजन को सफल बनाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान “संगठित हिन्दू – समर्थ भारत” की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से अहम आयोजन
राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो यह सम्मेलन केवल धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना के साथ-साथ क्षेत्रीय राजनीति में भी एक मजबूत संदेश देता है। विधायक अजय सिंह की सक्रिय सहभागिता ने यह स्पष्ट किया कि वे क्षेत्र के सामाजिक और वैचारिक आयोजनों में निरंतर भागीदारी निभा रहे हैं।
कर्नलगंज में आयोजित यह भव्य हिन्दू सम्मेलन हिन्दू समाज को जागृत, संगठित और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ने वाला ऐतिहासिक आयोजन साबित हुआ। संघ के शताब्दी वर्ष पर आयोजित यह कार्यक्रम आने वाले समय में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रवादी विचारधारा को और मजबूत करेगा। भाजपा विधायक अजय सिंह की सहभागिता ने इस आयोजन को क्षेत्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाई।


