CSIR-CMAP Workshop: सीएसआईआर–सीमैप (केंद्रीय औषधीय एवं सुगंधित पादप संस्थान), लखनऊ द्वारा 30 एवं 31 जनवरी 2026 को एक विशेष दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में देश के विभिन्न हिस्सों से आए वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और अन्य हितधारकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर Sri Krishna Dutt Academy एवं SKD College of Pharmacy के विद्यार्थियों ने भी सक्रिय सहभागिता की। यह कार्यशाला औषधीय एवं सुगंधित पौधों, आधुनिक कृषि तकनीकों और ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर आधारित रही।

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों के लिए कई व्यावहारिक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इनमें अगरबत्ती निर्माण, डिस्टिल्ड वेस्ट से कटलरी निर्माण, गुलाब जल बनाने का प्रशिक्षण, औषधीय एवं सुगंधित पौधों की प्रदर्शनी, तथा वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों के साथ संवाद सत्र प्रमुख रहे।
विद्यार्थियों ने वैज्ञानिकों से सीधे संवाद कर औषधीय पौधों की खेती, प्रसंस्करण तकनीक, मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन) और स्वरोज़गार के अवसरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। साथ ही उन्नत खेती एवं प्रोसेसिंग तकनीकों का लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी दिखाया गया, जिससे छात्रों को प्रायोगिक ज्ञान मिला।

एसकेडी कॉलेज ऑफ फार्मेसी के विद्यार्थियों ने बताया कि इस कार्यशाला से उन्हें यह समझने का अवसर मिला कि किस प्रकार औषधीय एवं सुगंधित पौधों के माध्यम से स्वास्थ्य, उद्योग और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाया जा सकता है। विद्यार्थियों ने इसे अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना रहा, जिसमें यह आयोजन पूरी तरह सफल सिद्ध हुआ।


