Aamir Khan Wedding : इंतजार खत्म हुआ! बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान (Aamir Khan) आज (5 जुलाई) को शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। आमिर अपनी पार्टनर गौरी स्प्रैट के साथ विवाह करेंगे। लंबे समय से दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चा थी। समारोह आमिर खान के घर पर आयोजित किया जाएगा, जहां केवल परिवार, करीबी दोस्त और चुनिंदा मेहमान मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि इस समारोह में करीब 100 से 150 लोगों को ही आमंत्रित किया गया है, जिससे यह आयोजन पूरी तरह निजी और सादगीपूर्ण बना रहे।

स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत दर्ज होगा रिश्ता
आमिर खान (Aamir Khan) और गौरी स्प्रैट ने स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत अपनी शादी का पंजीकरण कराया हैं। इसके बाद घर पर ही एक छोटा-सा सेलिब्रेशन रखा गया हैं। सूत्रों के मुताबिक, दोनों ने किसी भव्य रिसेप्शन या बड़े आयोजन के बजाय निजी माहौल में इस खास दिन को यादगार बनाने का फैसला किया।

कौन हैं गौरी स्प्रैट
गौरी स्प्रैट पेशे से प्रोफेशनल हेयर ड्रेसर हैं। वह पहले शादीशुदा रह चुकी हैं और उनकी पिछली शादी से एक बेटा भी है। आमिर खान ने वर्ष 2025 में अपने 60वें जन्मदिन के अवसर पर पहली बार सार्वजनिक रूप से गौरी के साथ अपने रिश्ते की पुष्टि की थी। अभिनेता ने बताया था कि वे गौरी को करीब 25 वर्षों से जानते हैं और लंबे समय की दोस्ती के बाद दोनों ने जीवनसाथी बनने का फैसला किया।

फिल्मी और कारोबारी जगत की हस्तियां हो सकती हैं शामिल
शादी समारोह में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई करीबी चेहरों के शामिल होने की संभावना है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अंबानी परिवार के भी समारोह में शामिल होने की चर्चा है। हालांकि मेहमानों की सूची को पूरी तरह गोपनीय रखा गया है।

ग्रैंड रिसेप्शन नहीं, सादगी पर रहेगा जोर
जानकारी के अनुसार, आमिर और गौरी किसी भव्य रिसेप्शन का आयोजन नहीं करेंगे। दोनों परिवार और करीबी दोस्तों के साथ निजी माहौल में इस नई शुरुआत का जश्न मनाना चाहते हैं। समारोह के लिए खास मेन्यू भी तैयार किया गया है, जिसमें दोनों की पसंदीदा डिशों को शामिल किए जाने की जानकारी सामने आई है।

फैंस की नजरें इस खास शाम पर
आमिर खान की तीसरी शादी को लेकर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री में काफी उत्सुकता है। सोशल मीडिया पर भी पूरे दिन इस शादी की चर्चा बनी हुई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि शाम को होने वाले इस निजी समारोह की पहली तस्वीरें और वीडियो कब सामने आते हैं।


