जयपुर | दीपावली नजदीक आने के साथ ही कीमती धातुओं के दामों में जोरदार तेजी देखी जा रही है। जयपुर सर्राफा बाजार में चांदी के भावों में रिकॉर्ड उछाल दर्ज हुआ है। गुरुवार को एक ही दिन में चांदी 8,200 रुपए प्रति किलो बढ़कर 1,64,000 रुपए प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई। वहीं, सोने के भाव भी बढ़कर 1,26,700 रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गए हैं।
सर्राफा व्यापारी सुशील जैन के अनुसार, बीते 6 दिनों में सोना 6,800 रुपए और चांदी 14,900 रुपए महंगी हुई है। लगातार बढ़ते दामों के कारण निवेशकों का झुकाव प्रॉपर्टी की बजाय सोना-चांदी की ओर बढ़ रहा है।
जैन ने बताया कि वैश्विक बाजारों में डॉलर की अस्थिरता और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के धातु बाजार की ओर रुख करने से भारत के सर्राफा बाजार पर भी असर पड़ा है। अमेरिका और यूरोप के निवेशक सोना-चांदी में निवेश बढ़ा रहे हैं, जिससे भारत में भी दामों में तेजी देखने को मिल रही है।
चांदी में आज एक दिन में 8 हजार रुपए की बढ़ोतरी
बुधवार को चांदी का भाव 1,55,800 रुपए प्रति किलो था। गुरुवार को यह बढ़कर 1,64,000 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया।
दिन भर के दौरान कीमतों में लगातार वृद्धि होती रही—
- सुबह 11:50 बजे: 1,59,900 रुपए प्रति किलो
- दोपहर 1:50 बजे: 1,61,500 रुपए प्रति किलो
- शाम 3:54 बजे: 1,64,000 रुपए प्रति किलो
सोने के ताजा भाव (जयपुर सर्राफा कमेटी अनुसार)
- 24 कैरेट सोना – 1,26,700 रुपए प्रति 10 ग्राम
- 22 कैरेट सोना – 1,18,100 रुपए प्रति 10 ग्राम
- 18 कैरेट सोना – 98,800 रुपए प्रति 10 ग्राम
- 14 कैरेट सोना – 78,600 रुपए प्रति 10 ग्राम
वहीं, चांदी रिफाइन की कीमत 1,64,000 रुपए प्रति किलो दर्ज की गई।
निवेशकों को प्रॉपर्टी से ज्यादा रिटर्न की उम्मीद
व्यापारी सुशील जैन ने कहा कि आने वाले महीनों में प्रॉपर्टी की तुलना में सोना-चांदी में निवेश करने वालों को ज्यादा रिटर्न मिल सकता है। दीपावली और धनतेरस जैसे पर्वों के कारण बाजार में भारी मांग बनी हुई है, जिससे कीमतों में और बढ़ोतरी की संभावना है।
उन्होंने कहा कि यदि यही रफ्तार रही तो दीपावली तक सोना 1.30 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 1.70 लाख रुपए प्रति किलो का स्तर छू सकती है।


