लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज 25 अक्टूबर 2025 से चार दिवसीय छठ महापर्व का शुभारंभ नहाय-खाय के साथ हो गया। इस महापर्व में श्रद्धालु गोमती नदी के किनारे स्थित लक्ष्मण मेला घाट पर संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान करेंगे।
छठ महापर्व की परंपरा के अनुसार, 26 अक्टूबर को खरना, 27 अक्टूबर को संध्या अर्घ्य, और 28 अक्टूबर को उगते सूर्य को भास्कर अर्घ्य दिया जाएगा।
लक्ष्मण मेला घाट की तैयारियां पूरी
गोमती नदी के किनारे घाट का सौंदर्यीकरण और व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 अक्टूबर को शाम 4 बजे संध्या अर्घ्य अर्पित करेंगे।
घाट की सफाई के लिए विशेष टीमें लगातार कार्यरत हैं। जिला प्रशासन और भोजपुरी समाज के पदाधिकारी मिलकर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध कर रहे हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और कलाकार
27 और 28 अक्टूबर को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में 200 लोक कलाकार भाग लेंगे, जिनमें सुप्रसिद्ध लोक गायिका कल्पना पटवारी (असम), गोपाल राय (बलिया), सुरेश शुक्ला (मुंबई) शामिल हैं। कलाकार 18 घंटे तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा मनोज सिंह, वेद प्रकाश राय, मनोज राय और सुनील सिंह ने लिया।


