लखनऊ / सुल्तानपुर / कानपुर: उत्तर प्रदेश में शीतलहर और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में साफ दिखाई दे रहा है। प्रदेश के 26 जिले शिमला से भी अधिक ठंडे रिकॉर्ड किए गए हैं। नैनीताल का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और शिमला का 11 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि यूपी के कई जिलों में पारा 5 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।
बीते 24 घंटों में बाराबंकी 4.5°C के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। इटावा में 6.4°C, शाहजहांपुर में 6.5°C, जबकि कानपुर और बुलंदशहर में न्यूनतम तापमान 7°C रिकॉर्ड किया गया।
घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित
सोमवार सुबह लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, सुल्तानपुर सहित प्रदेश के 40 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई स्थानों पर विजिबिलिटी घटकर 10 से 20 मीटर तक पहुंच गई, जिससे सड़कों पर सन्नाटा नजर आया।
रेल और हवाई यातायात पर भी इसका व्यापक असर पड़ा। लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज, इटावा समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 100 से अधिक ट्रेनें देरी से चल रही हैं। वहीं, कानपुर और वाराणसी सहित कई एयरपोर्ट्स पर फ्लाइट्स भी तय समय से देर से उड़ीं।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा
सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर घने कोहरे के चलते एक अर्टिगा कार खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में बाप-बेटे समेत 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कानपुर में बाइक भिड़ंत, 2 किशोरों की मौत
कानपुर में रविवार देर रात घने कोहरे के कारण दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं।
ठंड से जनहानि, प्रशासन अलर्ट
बांदा में कड़ाके की ठंड के चलते एक किसान और एक युवक की मौत हो गई। डॉक्टर पी.के. गुप्ता के अनुसार, अत्यधिक ठंड के कारण किसान को हार्ट अटैक आया।
सरकार ने हालात को देखते हुए रायबरेली, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, जौनपुर और उन्नाव में स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी हैं। लखनऊ, बरेली समेत कई शहरों में स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है। हाईवे पर वाहनों की गति सीमा 60 से 80 किमी/घंटा तय की गई है।
किसानों के अनुसार कोहरा गेहूं की फसल के लिए लाभदायक है, लेकिन आलू, दलहन और मटर की फसलों को नुकसान पहुंच रहा है।
उत्तर प्रदेश में शीतलहर और घने कोहरे ने न सिर्फ यातायात को प्रभावित किया है, बल्कि जान-माल का भी भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन अलर्ट मोड पर है, लेकिन मौसम की गंभीरता को देखते हुए आमजन से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे का असर और बढ़ने की संभावना है।


