जैसलमेर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 23 से 25 अक्टूबर तक जैसलमेर से सटे भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर रहेंगे। इस दौरान वे आर्मी कमांडर्स कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेंगे, जो तीन दिन तक चलेगी। कॉन्फ्रेंस में देश की सुरक्षा व्यवस्था, सैन्य तैयारियों और तकनीकी सुधारों पर चर्चा होगी।
लोंगेवाला में जवानों से बातचीत और श्रद्धांजलि
दूसरे दिन रक्षा मंत्री सीमा क्षेत्र लोंगेवाला जाएंगे। यह वही स्थान है, जहां 1971 के भारत-पाक युद्ध में भारतीय सेना ने ऐतिहासिक विजय दर्ज की थी।
यहां राजनाथ सिंह शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे और तैनात जवानों से बातचीत करेंगे। सेना की नई ऑपरेशनल क्षमताओं और उपकरणों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
लोंगेवाला की लड़ाई पर आधारित बॉलीवुड फिल्म ‘बॉर्डर’ भी बनी थी, जो इस ऐतिहासिक घटना को दर्शाती है। 1971 में पाकिस्तान के 2000 सैनिकों के सामने भारतीय सेना के 120 जवानों ने बहादुरी दिखाई थी।
आर्मी वॉर म्यूजियम का दौरा और उद्घाटन
रक्षा मंत्री जैसलमेर वॉर म्यूजियम में भी जाएंगे। यहां वे ‘शौर्य पार्क’ और ‘कैक्टस पार्क’ का उद्घाटन करेंगे।
यह स्थलों पर भारतीय सेना के वीर जवानों की गाथाएं और युद्धों का इतिहास प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा नए लाइट एंड साउंड शो का भी उद्घाटन होगा, जो पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
कॉन्फ्रेंस पर फोकस: Year of Reforms
इस बार की कॉन्फ्रेंस को सेना ने “Year of Reforms” (सुधारों का वर्ष) का हिस्सा बताया है।
सुरक्षा और युद्ध क्षमताओं को आधुनिक तकनीक पर आधारित बनाने के लिए नए ढांचे और रणनीतियों पर विचार किया जाएगा। लक्ष्य है कि भारतीय सेना को टेक्नोलॉजी-ड्रिवन और फ्यूचर रेडी फोर्स बनाया जाए।
जैसलमेर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
रक्षा मंत्री के दौरे को लेकर जैसलमेर प्रशासन और सेना ने सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए हैं।
एयरपोर्ट से लेकर कॉन्फ्रेंस स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक रूट और होटल बुकिंग पहले से सुनिश्चित की गई है।
लोंगेवाला का ऐतिहासिक महत्व
लोंगेवाला युद्ध की कहानी इतिहासकार एयर मार्शल भरत कुमार ने ‘Epic Battle of Longewala’ में दर्ज की है।
इस लड़ाई में भारतीय सेना के 120 जवानों ने पाकिस्तान के 2000 सैनिकों और 45 टैंकों के खिलाफ बहादुरी दिखाई। एयरफोर्स के 4 हंटर विमानों ने पाकिस्तान के टैंकों को नष्ट किया।


