लखनऊ। लखनऊ में जमघट पर्व पर पतंगबाजी का उत्साह अपने चरम पर है। बरेली का मांझा और आगरा की डोर जब मिलती है, तो आसमान में ‘गद्दा मार’ और ‘वो काटा’ की आवाजें गूंजती हैं। नवाबों के शहर लखनऊ को पतंगबाजी का विश्वविद्यालय कहा जाता है और यह परंपरा लगभग 250 साल पुरानी है।
ऑपरेशन सिंदूर और नेताओं की पतंगें सबसे लोकप्रिय
इस साल के जमघट में ऑपरेशन सिंदूर, विंग कमांडर व्योमिका सिंह, कर्नल सोफिया कुरैशी, और मोदी-योगी की तस्वीर वाली पतंगें सबसे ज्यादा डिमांड में हैं। पतंग व्यापारी सलमान ने बताया कि जमघट के मौके पर पतंगों का क्रेज कई गुना बढ़ जाता है और इसकी तैयारी कई दिन पहले से शुरू कर दी जाती है।
ऑपरेशन सिंदूर का नाम इंडियन आर्मी के एयर स्ट्राइक अभियान से प्रेरित है, और इस पतंग की कीमत ₹25 प्रति पतंग रखी गई है। इसके कारण हजारों पतंगों के ऑर्डर मिल चुके हैं और यह पतंग मार्केट में तुरंत आउट ऑफ स्टॉक हो गई है।
पतंगबाजी की परंपरा और इतिहास
1775 में नवाब आसिफ-उद-दौला के समय लखनऊ में पतंगबाजी ने जोर पकड़ा। शुरुआत में इसे मनोरंजन और अंग्रेजों के खिलाफ विरोध के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता था। पुराने समय में प्रेमी अपनी प्रेमिका को संदेश लिखकर पतंग के माध्यम से भेजते थे। आजकल लखनऊ में बनी पतंगें सऊदी अरब तक सप्लाई की जाती हैं।
जमघट का मौज-मस्ती भरा माहौल
जमघट वाले दिन लोग सुबह से ही छत पर चढ़ जाते हैं। बड़े मैदानों में लोग पतंगबाजी करते हैं। चारों तरफ से ‘वो काटा’, ‘ढील दे’, ‘गद्दा मार’ की आवाजें गूंजती हैं। आसमान में काली, नीली, सफेद, लाल और नेताओं की तस्वीर वाली पतंगें नजर आती हैं।
इस साल ऑपरेशन सिंदूर की धूम
ऑपरेशन सिंदूर, विंग कमांडर व्योमिका और कर्नल सोफिया की तस्वीर वाली पतंगों में सबसे अधिक क्रेज देखा गया। पतंग के शौकीन जैसे ही दुकान पर आते हैं, उनकी नजर सबसे पहले ऑपरेशन सिंदूर वाले पतंग पर टिकती है।


