नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली सोमवार शाम एक जोरदार धमाके से दहल उठी। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास एक चलती i20 कार में शाम 6:52 बजे विस्फोट हुआ। धमाके में दो महिलाओं सहित 9 लोगों की मौत और 24 लोग घायल हुए हैं। हादसे की आवाज करीब एक किलोमीटर तक सुनी गई।
CCTV में आतंकी डॉक्टर उमर दिखा शक के घेरे में
धमाके से कुछ ही देर पहले का एक CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें एक सफेद i20 कार पार्किंग से बाहर निकलती दिखाई देती है। पुलिस को शक है कि कार में आतंकी डॉक्टर मोहम्मद उमर बैठा था। उमर पुलवामा का रहने वाला और फरीदाबाद मॉड्यूल का हिस्सा बताया जा रहा है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के सूत्रों के मुताबिक, उमर कार में ढाई घंटे तक बैठा रहा, और एक पल के लिए भी बाहर नहीं निकला। माना जा रहा है कि वह किसी के निर्देश या सिग्नल का इंतजार कर रहा था।
कार हरियाणा के गुरुग्राम में रजिस्टर्ड थी
जिस कार में धमाका हुआ, उसका नंबर HR 26-CE 7674 है। यह हरियाणा के गुरुग्राम में मोहम्मद सलमान के नाम पर रजिस्टर्ड थी। पुलिस ने सलमान को हिरासत में लिया है। उसने बताया कि यह कार उसने दिल्ली के ओखला निवासी देवेंद्र को बेची थी, जिसने बाद में इसे पुलवामा के तारिक को दी। पुलिस अब तारिक की तलाश में है।
फॉरेंसिक जांच में RDX नहीं मिला
जांच एजेंसियों ने बताया कि घटनास्थल से RDX के सबूत नहीं मिले हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि विस्फोट में कोई अन्य रासायनिक मिश्रण इस्तेमाल किया गया। एलएनजेपी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि शवों पर काले निशान या स्प्लिंटर चोटें नहीं हैं, जो आम तौर पर IED विस्फोट में होती हैं।
दिल्ली पुलिस ने UAPA के तहत केस दर्ज किया
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में UAPA की धारा 16 और 18, विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत FIR दर्ज की है। मौके पर NSG, NIA, FSL और दिल्ली पुलिस की टीमें जांच में जुटी हैं।
गृह मंत्री अमित शाह की हाई लेवल मीटिंग
गृह मंत्री अमित शाह ने देर रात IB चीफ, गृह सचिव और दिल्ली पुलिस कमिश्नर के साथ हाई लेवल बैठक की। उन्होंने कहा कि “यह गंभीर घटना है, सभी एजेंसियां मिलकर जांच कर रही हैं, किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”
मरने वालों की पहचान और घायलों की स्थिति
अब तक 6 शवों की पहचान की जा चुकी है। मृतकों की उम्र 21 से 58 साल के बीच बताई जा रही है। कई शव जलकर या टुकड़ों में मिले हैं। घायलों को LNJP और AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया और सुरक्षा अलर्ट
धमाके के बाद अमेरिका, फ्रांस और ब्रिटेन ने भारत में अपने नागरिकों को लाल किला क्षेत्र से दूर रहने की एडवाइजरी जारी की है। पाकिस्तान ने भी सीमा पर वायुसेना पेट्रोलिंग बढ़ा दी है।
डॉक्टर उमर का बैकग्राउंड
उमर 24 फरवरी 1989 को पुलवामा में पैदा हुआ था। उसने 2017 में श्रीनगर मेडिकल कॉलेज से MBBS किया। वह अल फलाह मेडिकल कॉलेज में कार्यरत था। जांच एजेंसियों का मानना है कि उसने फरीदाबाद मॉड्यूल के माध्यम से भारत में आतंकी नेटवर्क सक्रिय किया था।
जांच के प्रमुख बिंदु:
- विस्फोट कार के पिछले हिस्से में हुआ।
- धमाके से 6 कारें, 2 ई-रिक्शा और 1 ऑटो जल गए।
- धमाका 3:19 से 6:52 बजे के बीच कार में तैयार किया गया।
- आतंकी उमर फरीदाबाद से आया हो सकता है।



