लखनऊ। दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम कार में हुए धमाके के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को फील्ड में उतरने और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
DGP राजीव कृष्ण ने बताया कि “दिल्ली की घटना के बाद यूपी के सभी जिलों को सतर्क किया गया है। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है।”
लखनऊ में पुलिस ने बढ़ाई चौकसी, संवेदनशील इलाकों में चेकिंग
राजधानी लखनऊ में सोमवार शाम से ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
हजरतगंज, चारबाग, आलमबाग, रेलवे स्टेशन और बड़े बाजारों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
एडीसीपी जितेंद्र दुबे, एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल और थाना प्रभारी विक्रम सिंह के नेतृत्व में देर रात तक पुलिस ने वाहन चेकिंग की।
महिला पुलिसकर्मियों को भी संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है।
मंदिरों, पार्कों, और सार्वजनिक स्थलों पर गश्त बढ़ाई गई है।
पुलिस की अपील— अफवाहों से बचें, संदिग्ध दिखे तो करें सूचना
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें, और संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
DGP राजीव कृष्ण ने कहा,
“राज्य के सभी जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हैं। जनता से शांति बनाए रखने की अपील की जाती है।”
लखनऊ की महिला डॉक्टर की गिरफ्तारी ने बढ़ाई चिंता
दिल्ली धमाके से पहले ही सुरक्षा एजेंसियां लखनऊ की महिला डॉक्टर शाहीन शाहिद की गिरफ्तारी को लेकर अलर्ट थीं।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उसे फरीदाबाद से गिरफ्तार किया था।
उसकी कार से AK-47 रायफल बरामद हुई।
शाहीन के पाकिस्तान बेस्ड आतंकी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और अंसार गजवत-उल-हिंद (AGuH) से संबंध बताए जा रहे हैं।
आईजी लॉ एंड ऑर्डर एलआर कुमार ने बताया कि “जम्मू-कश्मीर पुलिस से जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि उसके नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।”
दिल्ली ब्लास्ट में 8 की मौत, मेट्रो स्टेशन के पास हुआ धमाका
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास शाम करीब 6:55 बजे एक कार में जोरदार धमाका हुआ।
धमाके में 8 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हैं।
ब्लास्ट के बाद तीन अन्य गाड़ियां भी जल गईं।
फायर विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है।


