in , ,

अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस : भाषाई विविधता ही राष्ट्रीय एकता का सुदृढ़ आधार, नवयुग कन्या महाविद्यालय में एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का भव्य आयोजन

संगोष्ठी का मुख्य विषय ‘भाषाई विविधता: राष्ट्रीय एकता का आधार’ रहा, जिसमें विद्वानों ने भाषाओं के अंतर्संबंधों तथा राष्ट्र-निर्माण में उनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका पर गंभीर एवं सारगर्भित विमर्श प्रस्तुत किया।

अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस : नवयुग कन्या महाविद्यालय के हिंदी विभाग द्वारा ‘अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस’ के पावन अवसर पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। संगोष्ठी का मुख्य विषय ‘भाषाई विविधता: राष्ट्रीय एकता का आधार’ रहा, जिसमें विद्वानों ने भाषाओं के अंतर्संबंधों तथा राष्ट्र-निर्माण में उनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका पर गंभीर एवं सारगर्भित विमर्श प्रस्तुत किया।

अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस

कार्यक्रम का मंगलारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य विद्वानों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। तत्पश्चात ‘वन्दे मातरम्’ के समवेत गान से संपूर्ण परिसर राष्ट्रभक्ति के स्वर से गुंजायमान हो उठा। भारतीय सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप सभी आगंतुक अतिथियों का भव्य सत्कार एवं सम्मान किया गया।

मातृभाषा हमारी पहचान का मूल आधार : डॉ. अंकिता पाण्डेय

हिंदी विभाग की डॉ. अंकिता पाण्डेय ने सारगर्भित स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए मातृभाषा के प्रति अटूट निष्ठा एवं उसके संरक्षण की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि मातृभाषा हमारी पहचान का मूल आधार है और उसके संवर्धन हेतु सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस

विविधता में एकता भारत की आत्मा : डॉ. राम बहादुर मिश्र

विशिष्ट वक्ता के रूप में सुप्रसिद्ध विद्वान डॉ. राम बहादुर मिश्र ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि विविधता में एकता भारत की आत्मा है तथा भाषाएँ इस एकता को पिरोने वाले सशक्त सूत्र हैं। उन्होंने लोकभाषाओं को पाठ्यक्रम में सम्मिलित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे युवा पीढ़ी अपनी जड़ों और व्याकरणिक परंपराओं से परिचित हो सकेगी।

उन्होंने वर्तमान समय में अंग्रेजी के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं में हिंदी व्याकरण का ज्ञान क्षीण होता जा रहा है। अवधी भाषा की चर्चा करते हुए उन्होंने वाचिक परंपरा के महत्व को रेखांकित किया तथा कहा कि लोकोक्तियाँ और मुहावरे भाषा के प्राणतत्व हैं।
“भोजन, भजन, खजाना, नारी। चारिउ पर्दा के हितकारी॥”
इस लोकोक्ति की रोचक व्याख्या कर उन्होंने लोकज्ञान की गहराई को उजागर किया।

मातृभाषा केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं : डॉ. उमाशंकर शुक्ल ‘शितिकंठ‘

प्रख्यात साहित्यकार डॉ. उमाशंकर शुक्ल ‘शितिकंठ’ ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मातृभाषा केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक अस्मिता की संवाहिका है।

उन्होंने ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में उल्लेख किया कि जब हिंदी साहित्य सम्मेलन एवं नागरी प्रचारिणी सभा द्वारा एक बुंदेली कवि की उपेक्षा की गई, तब 1936 में डॉ. बरसाने लाल चतुर्वेदी ने ‘साहित्य का विकेंद्रित होना’ विषयक लेख लिखकर इस प्रश्न को उठाया। तत्पश्चात डॉ. वासुदेव शरण अग्रवाल एवं राहुल सांकृत्यायन ने हिंदी साहित्य में क्षेत्रीय भाषाओं एवं बोलियों को समुचित स्थान प्रदान करने का महत्वपूर्ण कार्य किया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विभिन्न मातृभाषाएँ हिंदी के विकास में बाधक नहीं, बल्कि सहायक हैं। अंग्रेजी के संदर्भ में उन्होंने उल्लेख किया कि अनेक भारतीय शब्दों को अंग्रेजी ने अपनाकर अपनी पहचान दे दी है।

अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस

भारतीय भाषाई परंपरा को संरक्षित रखने की देती हैं प्रेरणा : प्रो. मंजुला उपाध्याय

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने अपने अध्यक्षीय भाषण में शिक्षा एवं संस्कार निर्माण में मातृभाषा के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने छात्राओं को अपनी जड़ों से जुड़े रहने तथा भारतीय भाषाई परंपरा को संरक्षित रखने की प्रेरणा दी। प्राचार्या जी ने सभी आगंतुक अतिथियों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का विधिवत समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमामय वातावरण में हुआ।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, हिंदू कन्या महाविद्यालय की डॉ. स्नेहलता, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। सभी ने भाषाई सौहार्द एवं राष्ट्रीय एकता बनाए रखने का संकल्प लिया।

News Desk

Written by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

पंचायत चुनाव 2026: आरक्षण बदलते ही पलटेंगे समीकरण? गांव-गांव में चुनाव को लेकर जबरदस्त घमासान

प्रयागराज: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन शोषण का केस दर्ज करने का आदेश, POCSO कोर्ट का बड़ा फैसला