NEET UG 2026 : देशभर में मेडिकल शिक्षा का सपना संजोए लाखों छात्रों के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आज, 21 जून 2026 को NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा आयोजित की जा रही है। इससे पहले 3 मई को आयोजित परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था। ऐसे में इस बार परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
20 लाख से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल
NEET UG 2026 में 20 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। छात्रों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया गया है।
हेलीकॉप्टरों के माध्यम से पहुंचाए जायेंगे पेपर
इस बार सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए प्रश्नपत्रों की ढुलाई भारतीय वायुसेना के विमानों और हेलीकॉप्टरों के माध्यम से की गई है। प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने से पहले अत्यधिक सुरक्षित और निगरानी वाले स्थानों पर रखा गया था, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
5,440 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा
देशभर के 551 शहरों और 14 अंतरराष्ट्रीय केंद्रों सहित कुल 5,440 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। इन केंद्रों के लगभग 95 हजार कमरों में 1.38 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की निगरानी राष्ट्रीय और राज्य स्तर के कंट्रोल रूम से की जा रही है। इसके अलावा 51 हजार से ज्यादा सिग्नल जैमर सक्रिय किए गए हैं, जिससे परीक्षा के दौरान किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का दुरुपयोग न हो सके।
अभ्यर्थियों का होगा बायोमेट्रिक सत्यापन
परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन और सघन सुरक्षा जांच की जा रही है। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
सुबह 11 बजे से शुरू होगा प्रवेश
छात्रों के लिए कुछ महत्वपूर्ण निर्देश भी जारी किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश सुबह 11 बजे से शुरू हो चुका है, जबकि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभी छात्रों को अपना एडमिट कार्ड, वैध फोटो पहचान पत्र और दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लेकर आने होंगे।
एनटीए का कहना है कि इस बार की सुरक्षा व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य छात्रों का विश्वास बहाल करना और परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष बनाना है। एजेंसी को उम्मीद है कि कड़े इंतजामों के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न होगी।


