मथुरा। प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में शरद पूर्णिमा के पर्व को लेकर व्यवस्थाओं को लेकर असमंजस बढ़ गया है। मंदिर की परंपरा का हवाला देते हुए शयन भोग सेवाधिकारी गौरव गोस्वामी ने स्पष्ट किया कि ठाकुर जी की सुबह श्रृंगार आरती इस बार भी गर्भगृह में ही की जाएगी, जगमोहन में नहीं।
हाई पावर मैनेजमेंट कमिटी और मंदिर सेवायतों के बीच इस मामले पर विचार जारी है।
सेवायत ने की प्रेस वार्ता
गौरव गोस्वामी ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि शरद पूर्णिमा की रात चंद्रमा की धवल चांदनी में ठाकुर जी जगमोहन में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देते हैं। श्रीमद्भागवत में भी उल्लेख है कि भगवान श्रीकृष्ण ने वंशी वट पर शरद पूर्णिमा की रात महारास किया था।
उन्होंने कहा कि सुबह श्रृंगार और राजभोग सेवा के दौरान ठाकुर जी गर्भगृह में विराजित होंगे, ताकि मंदिर की प्राचीन परंपरा बनी रहे।
2023 में भी इसी तरह की व्यवस्था
गौरव गोस्वामी ने याद दिलाया कि 2023 में भी ठाकुर जी की श्रृंगार आरती गर्भगृह में की गई थी, लेकिन प्रबंधन ने जगमोहन में आसन लगा दिए थे। इसके कारण भक्तों को गर्भगृह में दर्शन सुलभ नहीं हो सके थे। इस बार सेवायत परंपरा का पालन सुनिश्चित करेंगे।
सेवायत की अपील
गौरव गोस्वामी ने मंदिर हाई पावर मैनेजमेंट कमिटी से अपील की है कि शरद पूर्णिमा पर गर्भगृह में दर्शन की व्यवस्था रखी जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि अगर ठाकुर जी गर्भगृह में विराजित होंगे, तो जगमोहन में बेरिकेडिंग करवाई जाए, ताकि राजभोग सेवा में मंदिर की प्राचीन परंपरा बरकरार रहे।


