in ,

PM मोदी 17 अक्टूबर को हरियाणा आएंगे: नायब सैनी सरकार के एक साल पूरे होने पर सोनीपत में कार्यक्रम, लाडो लक्ष्मी योजना की पहली किस्त भी दे सकते हैं

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दिल्ली में कैबिनेट और विधायक दल की मीटिंग बुलाई; तय होगा कि प्रधानमंत्री से किन परियोजनाओं का शिलान्यास कराया जाएगा

चंडीगढ़ — हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार के एक साल पूरे होने पर बड़ा कार्यक्रम 17 अक्टूबर को सोनीपत में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।

पीएम मोदी के इस दौरे को लेकर राज्य सरकार की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री सैनी ने इसके लिए 9 अक्टूबर को दिल्ली स्थित हरियाणा निवास में कैबिनेट की विशेष बैठक बुलाई है। इसके बाद विधायक दल की बैठक भी होगी, जिसमें यह तय किया जाएगा कि प्रधानमंत्री से किन परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास कराया जाए।


जापान दौरे से लौटकर सीधे तैयारियों में जुटेंगे सीएम

मुख्यमंत्री नायब सैनी इस समय जापान दौरे पर जा रहे हैं। पहले वे 11 अक्टूबर को लौटने वाले थे, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए अब वे 8 अक्टूबर को ही भारत लौट आएंगे।
दौरे से लौटते ही वे पीएम की यात्रा से जुड़े अंतिम कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।


लाडो लक्ष्मी योजना की पहली किस्त पीएम के हाथों

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम में लाडो लक्ष्मी योजना की पहली किस्त भी महिला लाभार्थियों को अपने हाथों से सौंप सकते हैं।
यह योजना राज्य की महिलाओं को 2100 रुपए मासिक सहायता देने के उद्देश्य से शुरू की गई थी।

इससे पहले, मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 1 अक्टूबर को दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी और उन्हें हरियाणा आने का निमंत्रण दिया था। प्रधानमंत्री ने न केवल निमंत्रण स्वीकार किया, बल्कि योजना के फीडबैक को लेकर भी विशेष रुचि दिखाई थी।


पीएम मोदी का 17वां हरियाणा दौरा

प्रधानमंत्री मोदी 2014 से अब तक 16 बार हरियाणा का दौरा कर चुके हैं, और यह उनका 17वां दौरा होगा।
पिछली बार वे 17 अक्टूबर 2024 को नायब सैनी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे।
इस बार दौरा सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखने और नई योजनाओं के शुभारंभ के लिए अहम माना जा रहा है।


पहले अंबाला में कार्यक्रम की चर्चा थी

शुरुआत में चर्चा थी कि प्रधानमंत्री मोदी अंबाला कैंट में आएंगे, जो गृहमंत्री अनिल विज का विधानसभा क्षेत्र है।
यहां 600 करोड़ की लागत से बन रहे वार मेमोरियल (वीर शहीदी स्मारक) और डोमेस्टिक एयरपोर्ट का उद्घाटन कराने की योजना थी।
हालांकि अब मुख्य कार्यक्रम सोनीपत में तय हुआ है।


अमित शाह के बाद अब पीएम की बारी

3 अक्टूबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रोहतक और कुरुक्षेत्र में कार्यक्रमों में भाग लिया था।
कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शाह को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया था।
अब प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा हरियाणा बीजेपी के लिए राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।


24 नवंबर को फिर हरियाणा आने की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 24 नवंबर को फिर से कुरुक्षेत्र में एक भव्य कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
इस दिन गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी पर्व मनाया जाएगा, जिसके लिए हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने विशेष कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी है।
संभावना है कि प्रधानमंत्री कुरुक्षेत्र से अंबाला जाएंगे और वहां वीर शहीदी स्मारकएयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे।

राजनीतिक हलकों में इसे बिहार विधानसभा चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है, क्योंकि पटना साहिब सिखों का एक प्रमुख धार्मिक केंद्र है, और हरियाणा के कार्यक्रम के जरिए वहां तक संदेश देने की रणनीति भी मानी जा रही है।

News Desk

Written by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कांग्रेस का आरोप— रूस अब पाकिस्तान को फाइटर जेट इंजन दे रहा, मोदी की ‘पर्सनल डिप्लोमैसी’ हुई नाकाम

शरद पूर्णिमा पर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन असमंजस: सेवायत ने गर्भगृह में ही कराने का किया दावा