लखनऊ: पुलिस ने गोमतीनगर इलाके में चेन लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से एक आरोपी ओला ड्राइवर है, जो अपने दोस्त के साथ मिलकर बाइक से महिलाओं और राहगीरों की चेन लूटता था। पुलिस ने इनके कब्जे से सोने के टुकड़े और करीब 49 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।
दो वारदातों से मचा था हड़कंप
डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि गोमतीनगर क्षेत्र में 28 सितंबर और 6 अक्टूबर को बाइक सवार बदमाशों ने दो अलग-अलग जगहों पर चेन लूट ली थी।
पहला मामला डॉ. सौम्येन्द्र विक्रम सिंह की चेन लूट का था, जबकि दूसरी वारदात में हीरालाल यादव को निशाना बनाया गया था। दोनों पीड़ितों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने इन घटनाओं की जांच शुरू की।
सीसीटीवी और सर्विलांस टीम ने खोला राज
घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को दयाल चौराहा, गोमतीनगर से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान —
-
मजहर (27 वर्ष) निवासी सनराइज हॉस्पिटल, हरदोई रोड, थाना ठाकुरगंज
-
फैसल पुत्र राहत अली, निवासी झरियन तालाब, सआदतगंज
के रूप में हुई है।
ओला ड्राइवर फैसल था मास्टरमाइंड
पुलिस के अनुसार, फैसल पेशे से ओला ड्राइवर है। वह दिन में यात्रियों को लेकर जाता और रात को अपने दोस्त मजहर के साथ लूटपाट की वारदातें करता था।
दोनों आरोपी बाइक से गोमतीनगर इलाके में घूमते और मौका देखकर महिलाओं की चेन झपट लेते थे। लूट के बाद वे सोने को गला कर छोटे टुकड़ों में बेच देते थे ताकि पहचान न हो सके।
बरामदगी और कार्रवाई
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने मजहर के पास से करीब 5 ग्राम की गली हुई सोने की धातु और ₹24,000 नकद, जबकि फैसल के पास से एक सोने का टुकड़ा और ₹25,000 नकद बरामद किया।
दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस इनके आपराधिक नेटवर्क और पूर्व रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
डीसीपी पूर्वी बोले
“त्योहारों के दौरान लूट जैसी घटनाओं को रोकने के लिए विशेष टीम बनाई गई है। जो भी व्यक्ति इस तरह की वारदात में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” — शशांक सिंह, डीसीपी पूर्वी लखनऊ


