लखनऊ: रायबरेली में एक युवक की हत्या को लेकर लखनऊ में मंगलवार को एनएसयूआई (NSUI) कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सिर पर काली पट्टी बांधी और हाथों में तख्तियां लेकर राजभवन से हजरतगंज अटल चौक स्थित अंबेडकर प्रतिमा तक मार्च निकालने की कोशिश की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक लिया।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को बाल और कॉलर पकड़कर खींचते हुए हिरासत में लिया और ईको गार्डन ले जाकर छोड़ा।
प्रदर्शनकारियों ने लगाए नारे – “देश संविधान से चलेगा, तानाशाही से नहीं”
प्रदर्शन में शामिल एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने “देश बाबा वालों से नहीं, बाबा साहब वालों से चलेगा” और “तानाशाही नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए। उनके हाथों में तख्तियां थीं जिन पर रायबरेली में हुई हत्या को “मॉब लिंचिंग” बताया गया था।
एनएसयूआई कार्यकर्ता अहमद ने कहा,
“दलितों, मुसलमानों और आदिवासियों पर लगातार अत्याचार हो रहा है। जब तक यह जारी रहेगा, हम सड़कों पर उतरते रहेंगे। यह देश संविधान से चलेगा, किसी तानाशाह से नहीं।”
हरिओम पासवान की मौत पर भड़का आक्रोश
एनएसयूआई नेता शुभम ने बताया कि रायबरेली में 38 वर्षीय हरिओम पासवान की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी, जो मॉब लिंचिंग का स्पष्ट मामला है। उन्होंने कहा कि हत्या का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घटना की भयावहता साफ देखी जा सकती है।
शुभम ने कहा,
“यह इंसानियत और न्याय की हत्या है। कांग्रेस पार्टी और एनएसयूआई पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। राहुल गांधी जी ने पीड़ित परिजनों से फोन पर बात कर उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।”
पुलिस की सख्ती, कई प्रदर्शनकारी हिरासत में
लखनऊ पुलिस ने प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में बल तैनात किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने आगे बढ़ने की जिद की, जिसके बाद उन्हें रोकना पड़ा।


