Sankranti Sangam : नवयुग कन्या महाविद्यालय, राजेंद्र नगर, लखनऊ में आज ‘भारतीय भाषा, संस्कृति और कला समिति’ के तत्वावधान में ‘संक्रांति संगम: लोक रंगों में भारत’ कार्यक्रम अत्यंत हर्षोल्लास के साथ महाविद्यालय प्रेक्षागृह में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ मुख्य अतिथि व महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय द्वारा दीप प्रज्जवलन एवं माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा ईश वन्दना के साथ किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय के कुशल मार्गदर्शन एवं संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मकर संक्रांति, बिहू, पोंगल, उत्तरायणी और लोहड़ी जैसे पारंपरिक त्योहारों के सांस्कृतिक महत्व को प्रदर्शित करना था। प्राचार्या ने अपने उद्बोधन में छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में त्योहारों की विशेषता वैज्ञानिकता को समेटे हुए है और उसका सामाजिक महत्व भी है इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हम अपनी जड़ों से जुड़े रहते हैं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक हस्तांतरित करते हैं। हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से रेखांकित किया कि नई शिक्षा नीति के अंतर्गत भारतीय भाषा और कला संस्कृति को बढ़ावा देना अनिवार्य है, क्योंकि विभिन्न राज्यों की विविध संस्कृति, भाषा, वेशभूषा, भोजन और रीति-रिवाजों के महत्व को जानना ही छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु आवश्यक है।

समारोह के दौरान छात्राओं ने विभिन्न राज्यों के लोक नृत्यों यथा भांगड़ा, लावणी, घूमर, बिहू आदि तथा गीतों और ओजस्वी भाषणों के माध्यम से भारत की विविधता में एकता की अनूठी तस्वीर पेश की। इसके साथ ही छात्राओं द्वारा पारंपरिक परिधानों, हस्तनिर्मित कलाकृतियों, स्लोगन और पोस्टर आदि की भव्य प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम उत्साहजनक रहे, जिसमें नृत्य प्रतियोगिता में शगुन सिंह ने प्रथम, आद्या शुक्ला ने द्वितीय और दर्शना उपाध्याय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में निकिता प्रथम स्थान पर रहीं। पोस्टर प्रतियोगिता में निकिता सिंह ने प्रथम, महिमा सिंह ने द्वितीय और आराधना बहेलिया ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं स्लोगन प्रतियोगिता में आराधना बहेलिया प्रथम, मंजू कुमारी द्वितीय और महिमा तृतीय स्थान पर रहीं।
यह भी पढ़े : नवयुग कन्या महाविद्यालय में नव मतदाता पंजीकरण अभियान का शुभारंभ
कार्यक्रम के निर्णायक मंडल के रूप में विभागाध्यक्ष, राजनीति विज्ञान विभाग की डा गीताली रस्तोगी एवं डॉ सरिता कन्नौजिया बी.एड. विभाग उपस्थित रहीं, जिन्होंने छात्राओं के रचनात्मक कौशल और सांस्कृतिक बोध की भूरि-भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम का अत्यंत प्रभावशाली संचालन डॉ. अपूर्वा अवस्थी द्वारा किया गया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति की सदस्य प्रो. अंबिका बाजपेई, प्रो. वन्दना द्विवेदी, प्रो. आभा पाल, डॉ. मेघना यादव और श्रीमती ललिता पांडे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर अन्य विभागों की प्रवक्ताएं एवं छात्राएं भी उपस्थित रहीं।


