Leadउत्तर प्रदेशगोंडादुनियादेशलखनऊ

Gonda: में मिशन शक्ति अभियान के फेज 4 का हुआ शुभारंभ

Gonda:  जनपद में महिला सशक्तीकरण को लेकर गजब का प्रदर्शन देखने को मिला। जनपद में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिये विशाल रैली व भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अंबेडकर चौराहे के निकट स्थित वेंकटाचार्य क्लब में महिला सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति अभियान के फेज – 4 का शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के जरिए महिलाओं की सुरक्षा व उनको स्वावलंबन बनाने के बारे में जागरूक किया गया। मनकापुर के विधायक रमापति शास्त्री ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मंडलायुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी एवं महिला पुलिसकर्मी, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, महिला उद्यमी, महिला पंचायत सहायक व सैकड़ों की संख्या में छात्राएं मौजूद रही।

शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान सबको संबोधित करते हुए मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री ने कहा कि महिला संबंधी अपराधों पर लगाम लगाने और उन्हें सुरक्षा प्रदान करने के लिए सरकार द्वारा इस कार्यक्रम की शुरुआत हुई है। मिशन शक्ति के नाम से शुरू हुआ अभियान सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की थीम पर आगे बढ़ा है।

इस मौके पर मंडलायुक्त ने भी महिलाओं को शिक्षित और सशक्त बनाने का आवाहन किया। उन्होंने कहा कि लोग पितृ विसर्जन करके अपने पिता के ऋण से तो मुक्त हो सकते हैं परंतु कोई भी अपनी माता के ऋण से कभी भी मुक्त नहीं हो सकता है। हमारे जीवन में माता रूपी महिला का सबसे अधिक महत्व है। उन्होंने सभी पुरुषों से कहा कि सभी पुरुष संकल्प लें कि जैसे वह अपनी बहन, बेटी, बहू के साथ व्यवहार करते हैं वैसे ही वह दूसरों की बहन, बेटी और बहू के साथ भी व्यवहार करेंगे।

इस मौके पर जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान हर साल पूरे उत्साह के साथ चलाया जाता है। यह अभियान महिलाओं को उनकी शक्ति का एहसास दिलाने के लिए है। महिलाओं का प्रभाव देश के बहुत बड़े क्षेत्र में है। इस अभियान को शहर ही नही बल्कि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री जी द्वारा मिशन शक्ति की जो अलख लखनऊ से जगाई गई है उसे गोंडा के घर-घर तक पहुंचाना है।

ताइक्वांडो के बच्चे, बच्चियों ने दिखाई अपनी प्रतिभा

इस कार्यक्रम के दौरान बच्चियों द्वारा ताइक्वांडो का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा विभिन्न स्कूलों की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया। सभी बच्चियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सभी अधिकारियों ने बच्चियों की प्रतिभा की प्रशंसा की।

टामसन कॉलेज से निकली गई मिशन शक्ति अभियान की रैली

मण्डलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने डीआईजी, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ शनिवार को टामसन कालेज से नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति के चौथे चरण का आगाज किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के जरिये केंद्र और राज्य सरकार की ओर से महिला-बेटी संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। इस रैली में बड़ी संख्या में महिला पुलिस कर्मी, महिला पीआरवी और विभिन्न कॉलेज के छात्र – छात्राएं मौजूद रहे।

इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र, पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल, अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, पुलिस क्षेत्राधिकारी शिल्पा वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रेमचंद यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी लाल जी दुबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौरव स्वर्णकार, महिला थानाध्यक्ष पूनम यादव सहित सभी संबंधित अधिकारी गण व अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button