उत्तर प्रदेश

Badaun: माफिया के जुल्म का बदायूं से अधिक भुक्तभोगी कौन होगा

पिछली सरकारों के समय गुंडे बम विस्फोट करते थे, अब बम-बम होता हैः योगी

Badaun: इस लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस का गठबंधन है। यह लोग प्रदेश को बाहर बदनाम करते हैं। यह अराजकता फैलाते थे। कांवड़ यात्रा पर बैन लगाते थे। यह कर्फ्यू के समर्थक हैं। इनके समय गुंडे जगह-जगह बम विस्फोट करते थे, लेकिन हमने कहा कि उप्र में बमबाजी नहीं, हर-हर-बम-बम होगा। हमें भी पीएम मोदी के नेतृत्व में नए भारत के लिए जुटना है। मोदी जी ने वह कार्य किए, जो असंभव लगते थे। तीन तलाक की प्रथा पर रोक लगी, धारा-370 हटी, राम मंदिर का निर्माण हुआ और रामलला विराजमान हो गए।

उक्त बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहीं। उन्होंने बदायूं से भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह शाक्य व आंवला से भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप के समर्थन में मंगलवार को प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित किया। कार्यक्रम में कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण की। सीएम ने कहा कि बदायूं से दुर्विजय सिंह शाक्य का नाम आते ही सपा के प्रत्याशी भागने लगे। एक आए और भाग गए, दूसरे भी आकर भागने की फिराक में हैं।

विकसित बदायूं के लिए भाजपा को आपका आशीर्वाद आवश्यक 

सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया की बड़ी ताकत बन सके, इसके लिए उन्हें तीसरा कार्यकाल दीजिए क्योंकि पहले तीन वर्ष में ही मोदी जी भारत को तीसरी बड़ी महाशक्ति के रूप में स्थापित करने जा रहे हैं। यह विकसित भारत की आधारशिला बनेगा। विकसित भारत के लिए विकसित यूपी, विकसित यूपी के लिए विकसित बदायूं जरूरी है। विकसित बदायूं के लिए भाजपा को आपका आशीर्वाद आवश्यक है।

10 वर्ष में बदलते भारत व सात वर्ष में बदलते यूपी को आपने देखा

सीएम योगी ने कहा कि आपने दस वर्ष में बदलते भारत व सात वर्ष में पीएम मोदी के मार्गदर्शन में बदलते उप्र को देखा है। 2014 के पहले की स्थितियां भी किसी से छिपी नहीं हैं। उस दौरान देश में वातावरण भयावह था। परिवारवाद के नाम पर लूट-खसोट की पूरी छूट थी। देश की राजनीति को बपौती समझकर भारत की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया जाता था। गरीबों के हकों पर डकैती व उपद्रवियों को प्रश्रय दिया जाता था। रामजन्मभूमि के बारे में कोई आस्थावान कहता था तो लाठी-डंडे से प्रहार कर उसकी आवाज को बंद कर दिया जाता था, लेकिन 10 वर्ष में आतंकवाद, उग्रवाद व नक्सलवाद समाप्त हुआ है और गरीबों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

यहां की इकॉनमी की रीढ़ बनने जा रहा गंगा एक्सप्रेसवे

सीएम ने कहा कि एक तरफ हमने दो माह पहले दातागंज में कंप्रेस्ड बायो गैस के प्लांट का उद्घाटन किया और अब गंगा एक्सप्रेस वे भी उद्घाटन की प्रतीक्षा कर रहा है। इसका कार्य युद्ध स्तर पर हो रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे यहां की इकॉनमी की रीढ़ बनने जा रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे लाखों रोजगार व नौकरी लेकर आएगा। आपकी कनेक्टिविटी को बेहतर करेगा। इसके निर्माण के उपरांत बदायूं से प्रयागराज- दिल्ली महज तीन-तीन घंटे में पहुंच जाएंगे। औद्योगिक कलस्टर भी विकसित होंगे। यह कार्य सपा, बसपा के लोग नहीं कर पाते।

माफिया के जुल्म का बदायूं से अधिक भुक्तभोगी कौन होगा

सीएम योगी ने कहा कि यह चुनाव जिन मुद्दों पर लड़ा जाना है, वह तथ्य स्पष्ट है। राष्ट्र हमारे लिए सर्वोपरि होगा तो हर चेहरे पर खुशहाली होगी। यह चुनाव माफियाराज बनाम कानून के राज का है। सत्ता के संरक्षण में पलने वाले माफिया किस कदर गरीबों पर जुल्म ढाते थे, बदायूं से अधिक भुक्तभोगी कौन होगा। उप्र में आज जनता है चुस्त-दुरुस्त, माफिया है पस्त। चुनाव में एक तरफ भ्रष्टाचारी होंगे तो दूसरी तरफ देश के लिए कार्य करने वाले लोग। यह चुनाव तुष्टिकरण बनाम आम जनता की संतुष्टि का होगा। एक तरफ चेहरा देखकर योजनाओं का लाभ बांटने वाले लोग हैं तो दूसरी तरफ सबका साथ-सबका विकास का भाव रखने वाले। यह चुनाव ‘स्वार्थ के परिवार’ व ‘मोदी के परिवार’ के बीच होगा। स्वार्थ का परिवार यानी सपा व कांग्रेस, जो एक परिवार की पार्टी है, वहीं मोदी का परिवार 140 करोड़ का भारत है। चुनाव इन परिवार वालों व मोदी के परिवार के बीच है।

प्रबुद्ध सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, प्रदेश सरकार की मंत्री गुलाब देवी, बदायूं की सांसद संघमित्रा मौर्या, बदायूं से सांसद प्रत्याशी दुर्विजय सिंह शाक्य, आंवला से भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप, विधान परिषद सदस्य वागीश पाठक, संतोष सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, विधायक महेश गुप्ता, राजीव सिंह, कुंवर महराज सिंह, हरीश शाक्य आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button