Toxic Movie : फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर देखा जाता है कि एडिटिंग टेबल पर समय कम करने के लिए कलाकारों के सीन काट दिए जाते हैं। लेकिन इस प्रतिस्पर्धी इंडस्ट्री में अगर किसी कलाकार का रोल काटने के बजाय बढ़ाया जाए, तो यह यकीनन उनके बेहतरीन काम का सबसे बड़ा प्रमाण है। बॉलीवुड अभिनेत्री तारा सुतारिया के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है। आगामी पैन–इंडिया फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन–अप्स‘ में उनके काम से प्रभावित होकर सुपरस्टार और सह–निर्माता यश ने उनका स्क्रीन टाइम काफी बढ़ा दिया है।
यश ने क्यों बढ़ाया तारा का रोल?
मूल रूप से कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट हो रही इस फिल्म में तारा सुतारिया का रोल शुरुआत में अपेक्षाकृत छोटा था। हालांकि, सेट पर तारा की कड़ी मेहनत और उनके दमदार प्रदर्शन को देखने के बाद, ‘केजीएफ‘ फेम यश ने उनके किरदार को कहानी में और अधिक स्पेस देने का फैसला किया।
इस बारे में बात करते हुए यश ने बताया कि तारा की मेहनत और उनके काम के प्रति समर्पण को देखते हुए उनके सीन्स पहले से लिखी गई स्क्रिप्ट के मुकाबले काफी बढ़ा दिए गए हैं। पर्दे पर तारा न केवल बेहद आकर्षक लग रही हैं, बल्कि उनका यह इंटेंस किरदार उनके अब तक के करियर की सभी भूमिकाओं से बिल्कुल अलग और गंभीर है।

‘डिज्नी प्रिंसेस‘ की इमेज को तोड़ती ‘रेबेका‘
तारा सुतारिया को फिल्मों में अक्सर उनकी ‘डिज्नी प्रिंसेस‘ जैसी खूबसूरत, सॉफ्ट और ग्लैमरस छवि के लिए जाना जाता है। लेकिन ‘टॉक्सिक‘ के डार्क और खूंखार जॉनर में वह अपनी इस पुरानी इमेज को पूरी तरह से तोड़ती नजर आएंगी।
अपनी इस नई डार्क दुनिया के बारे में बात करते हुए तारा ने डिज्नी प्रिसेंस की दुनिया से जुड़ी एक प्रसिद्ध लाइन का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मुझे इस संबंध में उसकी लाइनें याद आ रही हैं, जो कुछ इस तरह हैं— ‘एक सपना, वह इच्छा है, जो आपका दिल चाहता है।‘ यह पंक्तियां ‘टॉक्सिक‘ फिल्म से जुड़े हम सभी लोगों से बहुत करीब से जुड़ती हैं।“
ट्रेलर में मिले रिस्पॉन्स से गदगद हैं तारा
फिल्म के ट्रेलर में ‘रेबेका‘ के रूप में मिल रहे प्यार पर तारा ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा, “इस फिल्म को कई बेहतरीन कलाकारों ने मिलकर बनाया है। मुझे लगता है कि यह एक ऐसा सपना और इच्छा है, जो हम सभी ने एक टीम के रूप में देखा है। ऐसी कहानी का हिस्सा बनना, जो अपने आप में इतनी शानदार और असाधारण है, मेरे लिए बेहद खास है।“
तारा ने आगे कहा कि वह खुद को बहुत भाग्यशाली मानती हैं कि उन्हें इतने कमाल के कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला। फिल्म में उनका ‘रेबेका‘ का रोल इंटेंसिटी और सस्पेंस से भरा हुआ है।


