कैंसर जागरूकता संगोष्ठी : Sri Krishna Dutt Academy द्वारा “प्रिवेंशन, डिटेक्शन एंड केयर” विषय पर एक कैंसर जागरूकता सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। इस सेमिनार का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज को कैंसर की रोकथाम, प्रारंभिक पहचान तथा समग्र देखभाल के प्रति जागरूक करना था।

यह कार्यक्रम SKD Guidance and Counselling cell, SKD College of Pharmacy वं कम्युनिटी साइकोलॉजी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसे इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) का सहयोग प्राप्त हुआ। यह आयोजन स्वास्थ्य शिक्षा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक सशक्त अंतर्विषयक पहल रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. श्वेता श्रीवास्तव, सचिव, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), लखनऊ रहीं। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कैंसर की शीघ्र पहचान, स्वस्थ जीवनशैली तथा मनोवैज्ञानिक सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समय रहते जांच और सही उपचार से कैंसर से होने वाली मृत्यु दर को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

सेमिनार में विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने भी अपने विचार साझा किए।
डॉ. प्रतीक मल्होत्रा, डायरेक्टर, ब्रेस्ट एंड एंडोक्राइन क्लिनिक ने स्तन कैंसर जागरूकता एवं समय पर स्क्रीनिंग की आवश्यकता पर जोर दिया।
डॉ. तरुणा, प्रोफेसर, एरा मेडिकल कॉलेज ने कैंसर की रोकथाम एवं प्रारंभिक निदान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं।
डॉ. रत्ना पांडेय, सेवानिवृत्त प्रोफेसर, सिविल हॉस्पिटल ने समय पर उपचार एवं सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता की भूमिका को रेखांकित किया।
कैंसर के मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए डॉ. कुमुद श्रीवास्तव, मनोवैज्ञानिक ने मानसिक स्वास्थ्य, काउंसलिंग एवं भावनात्मक सहयोग को कैंसर उपचार का अभिन्न हिस्सा बताया।
कार्यक्रम का आयोजन मुख्य संरक्षक श्री मनीष सिंह, निदेशक, SKD ग्रुप ऑफ एजुकेशन के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि कैंसर जागरूकता केवल चिकित्सकीय विषय नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को ऐसे जागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर श्रीमती निशा सिंह, उपनिदेशक, SKD ग्रुप ऑफ एजुकेशन एवं सहायक निदेशक (शैक्षणिक) ने 4 फरवरी को आयोजित अंतर-महाविद्यालय पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागियों की रचनात्मकता एवं संदेशपूर्ण प्रस्तुतियों की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. नवीन कुमार, उपनिदेशक (उच्च शिक्षा) ने भविष्य में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को जागरूक करने के साथ-साथ शिक्षा और सामाजिक दायित्व के बीच मजबूत सेतु का निर्माण करते हैं।
सेमिनार का समापन छात्रों और विशेषज्ञों के बीच संवादात्मक सत्र एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह कार्यक्रम अपनी सार्थकता, जागरूकता केंद्रित दृष्टिकोण और शैक्षणिक संस्थानों व चिकित्सा जगत के प्रभावी सहयोग के लिए सराहा गया।


