लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के एक बयान को लेकर सियासी माहौल गरमा गया। भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान अजय राय का पुतला फूंका गया, उनकी तस्वीर को जूते मारे गए और पैरों से कुचला गया।
कानपुर रोड पर सड़कों पर उतरे भाजपाई
भाजपा नेता शिव शंकर सिंह शंकरी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता कानपुर रोड स्थित शहीद पथ तिराहे पर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके बयान को निराधार, आपत्तिजनक और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया।
‘सार्वजनिक माफी मांगे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष’
भाजपा नेताओं ने मांग की कि अजय राय अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उनका कहना था कि कांग्रेस अध्यक्ष ने विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) में रहते हुए देश और प्रदेश को लूटने जैसे गंभीर आरोप लगाए, लेकिन इसके समर्थन में कोई ठोस प्रमाण नहीं दिया गया।
संवैधानिक संस्थाओं का अपमान: भाजपा
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि ऐसे बयान केवल एक जनप्रतिनिधि की छवि खराब करने का प्रयास नहीं हैं, बल्कि ईडी जैसी संवैधानिक संस्थाओं और प्रशासनिक सेवाओं का भी अपमान हैं। उन्होंने दावा किया कि डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी और कानून के दायरे में रहकर कार्य किया है।
ट्रैफिक बाधित, ACP ने संभाला मोर्चा
प्रदर्शन के कारण कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाली सड़क पर यातायात बाधित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर दूसरी पटरी पर कराया। बाद में एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने स्थिति संभाली, जिसके बाद करीब एक बजे यातायात पूरी तरह सुचारु हो सका।
थाने में दी गई तहरीर
इस दौरान भाजपा नेता शिव शंकर सिंह शंकरी की ओर से सरोजनी नगर थाने में अजय राय के खिलाफ तहरीर दी गई। तहरीर में विधायक के सम्मान को ठेस पहुंचाने और सार्वजनिक रूप से बदनाम करने का आरोप लगाया गया है।
बयान से शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि बीते रविवार को सरोजनी नगर में आयोजित कांग्रेस के ‘संविधान संवाद महापंचायत’ के दौरान अजय राय ने विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह पर ईडी में रहते हुए देश और प्रदेश को लूटने का आरोप लगाया था। इसी बयान के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की टिप्पणी ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। भाजपा ने इसे विधायक और संवैधानिक संस्थाओं पर सीधा हमला बताया है। अब देखना होगा कि इस मामले में कांग्रेस की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है और पुलिस कार्रवाई किस दिशा में आगे बढ़ती है।


