टैलेंट सर्च कार्यक्रम : कन्या महाविद्यालय, राजेन्द्र नगर में नवप्रवेशित छात्राओं में छिपी प्रतिभाओं को पहचानने एवं उन्हें उचित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से टैलेंट सर्च कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं की रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं कलात्मक प्रतिभा को परखने के लिए एकल नृत्य, एकल गायन, काव्य पाठ, स्वरचित काव्य पाठ, फैशन शो, पोस्टर निर्माण, फेस पेंटिंग, कलश सज्जा, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट एवं एंकरिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। नवप्रवेशित छात्राओं ने पूरे उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी बहुमुखी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
एकल नृत्य प्रतियोगिता में अर्पिता ने प्रथम, श्रेया सिंह ने द्वितीय तथा संस्कृति एवं आस्था ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सांत्वना पुरस्कार कृति, सिक्की, ऋचा एवं रोशनी को प्रदान किया गया। पेंटिंग प्रतियोगिता में विशाखा एवं निकिता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि फेस पेंटिंग में पलक ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। एकल गायन प्रतियोगिता में आंचल सिंह प्रथम, मानवी राजपूत द्वितीय तथा दीपांशी तिवारी तृतीय स्थान पर रहीं। फैशन शो में उत्कृष्ठा श्रीवास्तव ने प्रथम, संस्कृति कांडपाल ने द्वितीय तथा अंशिका गौतम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सांत्वना पुरस्कार मानसी, अंशिका एवं महक को मिला। स्वरचित काव्य पाठ में निधि बाजपेई प्रथम, मानवी द्वितीय तथा मुब्स्सिरा एवं श्वेता शर्मा तृतीय स्थान पर रहीं। पोस्टर प्रतियोगिता में ज्योति ने प्रथम, आराधना ने द्वितीय तथा मान्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कलश सज्जा में शालू प्रजापति प्रथम एवं आराधना बहेलिया द्वितीय रहीं। एंकरिंग प्रतियोगिता में निकिता सिंह प्रथम, आनंदी अवस्थी द्वितीय तथा इलमा तृतीय स्थान पर रहीं। मोनो एक्टिंग में मुबाशिरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

टैलेंट सर्च कार्यक्रम नवप्रवेशित छात्राओं की प्रतिभा को पहचानने का मंच : प्रो. मंजुला उपाध्याय
इस अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने कहा कि टैलेंट सर्च कार्यक्रम नवप्रवेशित छात्राओं की प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने अहिल्याबाई होलकर सांस्कृतिक क्लब को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि महाविद्यालय छात्राओं को ऐसे अवसर प्रदान करता है, जिससे वे अपनी प्रतिभा को विकसित कर वर्षभर विभिन्न महाविद्यालयों एवं प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विजेता बन सकें। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, कला एवं हमारी समृद्ध परंपराओं का संरक्षण और संवर्धन करना हम सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम में अहिल्याबाई होलकर सांस्कृतिक क्लब इंचार्ज प्रो. सीमा सरकार,सभी सदस्य डॉ. स्नेहा चौधरी, डॉ. अपूर्वा अवस्थी, डॉ. क्षितिज शुक्ला, डॉ. अणिमा पांडे, डॉ. सुकन्या तिवारी, डॉ. गरिमा मिश्रा, डॉ. रीमा छाबड़ा एवं डॉ. किरन पांडे उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय की समस्त प्रवक्ताएं एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल के सदस्य भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में छात्राओं के उत्साह, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास ने पूरे वातावरण को जीवंत बना दिया। टैलेंट सर्च कार्यक्रम ने नवप्रवेशित छात्राओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, उसे मंच पर प्रस्तुत करने तथा भविष्य की विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं के लिए स्वयं को तैयार करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।

